||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस द्वारा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा का भाव जागृत करने के लिए लगातार सतर्कता बरती जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को थाना नंदग्राम क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त की गई।
एसीपी नंदग्राम के नेतृत्व में बाजारों में पैदल गश्त
जियाउद्दीन अहमद, सहायक पुलिस आयुक्त नंदग्राम के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक नंदग्राम एवं पुलिस बल ने थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों में पैदल गश्त की। पुलिस टीम ने बाजारों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा स्थानीय दुकानदारों एवं आमजन से संवाद करते हुए आगामी त्योहारों के दौरान शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। पैदल गश्त के दौरान पुलिस की मौजूदगी से बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।
सड़क किनारे अतिक्रमण हटवाया
गश्त के दौरान पुलिस टीम ने सड़क के किनारे किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया। दुकानदारों को सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से सामान रखकर आवागमन बाधित न करने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस द्वारा दुकानदारों एवं आमजन से अपील की गई कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता हैं। बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर भी निगरानी रखी जा रही हैं। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार पैदल गश्त, चेकिंग और जनसंवाद के माध्यम से लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की कि त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India