||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में गाज़ियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया हैं। शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को सब-जोन 9 में ALT पुल के नीचे नवीन यातायात निरीक्षक (T.I.) कार्यालय का शुभारंभ किया गया। पुलिस आयुक्त गाज़ियाबाद के निर्देशन में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं यातायात) ने नए कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (यातायात), अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात), सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात), यातायात निरीक्षक, ट्रैफिक वालंटियर फोर्स (TVF) के सदस्य, DVF प्रतिनिधि और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर रहेगा फोकस
नए कार्यालय के माध्यम से ALT पुल, राजनगर एक्सटेंशन और सब-जोन 9 के अंतर्गत आने वाले प्रमुख चौराहों, कटों और व्यस्त मार्गों पर यातायात नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जाएगा। ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को इसी कार्यालय से आवश्यक दिशा-निर्देश और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
पीक आवर्स में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
सुबह और शाम के व्यस्त समय में राजनगर एक्सटेंशन तथा आसपास के प्रमुख यातायात बिंदुओं पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसका उद्देश्य पीक आवर्स में लगने वाले जाम को कम करना और वाहन चालकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना हैं।
हादसा होने पर मौके पर पहुंचेगी टीम
नए कार्यालय को त्वरित आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए भी इस्तेमाल किया जाएगा। किसी सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय स्तर से पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजने की व्यवस्था रहेगी। टीम दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर मार्ग को सुचारू कराने के साथ घायलों को तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने में मदद करेगी।
वाहन खराब होने या अचानक जाम पर भी होगी त्वरित कार्रवाई
सड़क पर वाहन खराब होने, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से अचानक यातायात बाधित होने की स्थिति में भी कार्यालय से तत्काल कार्रवाई की जाएगी। संबंधित पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजकर यातायात को सामान्य कराने का प्रयास किया जाएगा।
अब स्थानीय लोगों को नहीं लगाने होंगे दूर के कार्यालयों के चक्कर
नए ट्रैफिक कार्यालय की एक महत्वपूर्ण विशेषता नागरिक-केंद्रित व्यवस्था होगी। राजनगर एक्सटेंशन और सब-जोन 9 के स्थानीय निवासी यातायात से जुड़ी अपनी शिकायत, समस्या या सुझाव सीधे इस कार्यालय में दर्ज करा सकेंगे। इससे उन्हें यातायात संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए दूर स्थित कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
TVF और जनप्रतिनिधियों के साथ बढ़ाया जाएगा समन्वय
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ट्रैफिक वालंटियर फोर्स (TVF) के साथ लगातार समन्वय किया जाएगा। क्षेत्र में बार-बार सामने आने वाली यातायात समस्याओं को चिन्हित कर उनके स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नए यातायात निरीक्षक कार्यालय के शुरू होने से राजनगर एक्सटेंशन और सब-जोन 9 में यातायात नियंत्रण, दुर्घटना प्रतिक्रिया और नागरिक शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था को स्थानीय स्तर पर और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India







