ऑटो में सवारी बनाकर महिलाओं को बनाते थे निशाना, पुलिस मुठभेड़ में दो टप्पेबाज गिरफ्तार

SHARE:

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। सवारी बनकर लोगों को झांसे में लेने और महिलाओं के आभूषण उतरवाकर फरार होने वाले गिरोह के खिलाफ गाज़ियाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की हैं। थाना सिहानीगेट पुलिस और स्वाट टीम नगर जोन की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो टप्पेबाज गिरफ्तार किए गए हैं। दोनों आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हुए हैं। उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, 22/23 अगस्त की रात महिन्द्रा तिराहा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश ऑटो के जरिए लोहियानगर की तरफ आने वाले हैं। इन बदमाशों पर बस अड्डे से एक महिला को ऑटो में बैठाकर बहला-फुसलाकर उसके कानों के कुंडल उतरवाने का आरोप था।

एसीपी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने लोहियानगर रोड पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक ऑटो में सवार चार संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर ऑटो हमदर्द ग्राउंड में फंस गया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें साकिर उर्फ शबीर और पवन गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, शादाब और सुमित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

महिला को बनाया था शिकार

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले सिहानीगेट थाना क्षेत्र स्थित बस अड्डे से एक महिला को ऑटो में बैठाया था। इसके बाद उसे बातों में उलझाकर और बहला-फुसलाकर उसके कानों के कुंडल उतरवा लिए थे। पुलिस के अनुसार आरोपी इन्हीं कुंडलों को बेचने और दोबारा किसी सवारी को निशाना बनाने के इरादे से घूम रहे थे।

हथियार और लूटे गए आभूषण बरामद

एसीपी का कहना हैं कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, कारतूस-खोखे कारतूस, पीली धातु के कानों के एक जोड़ी कुंडल और घटना में इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक ऑटो बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी साकिर उर्फ शबीर के खिलाफ पहले से चोरी, लूट और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब फरार दोनों आरोपियों की तलाश के साथ-साथ गिरोह के अन्य आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से टप्पेबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम सफलता मिली हैं। अधिकारियों का कहना हैं कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया हैं।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें