||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। सरिया चोरी करने वाले गिरोह ने चोरी का ऐसा तरीका अपनाया, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। कम्प्यूट्रीकृत धर्मकांटे में इलेक्ट्रॉनिक चिप लगाकर वजन में हेराफेरी की जाती थी और फिर रिमोट की मदद से ट्रक में लदे सरिये की चोरी को अंजाम दिया जाता था। गाज़ियाबाद पुलिस की स्वाट टीम, अपराध शाखा और थाना कविनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस के मुताबिक, सोमवार को मुखबिर की सूचना पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को उस समय दबोचा, जब चोरी किए गए सरिये को गोदाम में उतारा जा रहा था। मौके से 41,780 किलोग्राम चोरी का सरिया और उसे ढोने में इस्तेमाल किया जा रहा ट्रक संख्या NL01AH7968 बरामद किया गया।
धर्मकांटे में चिप लगाकर करते थे वजन में खेल
एसीपी कविनगर सिद्धार्थ ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने सरिया चोरी के पूरे तरीके का खुलासा किया। आरोपियों के अनुसार कम्प्यूट्रीकृत धर्मकांटे में इलेक्ट्रॉनिक चिप लगाई जाती थी और रिमोट के जरिए वजन में हेराफेरी की जाती थी। इसी तकनीक का फायदा उठाकर सरिया चोरी किया जाता था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि चोरी किया गया सरिया नेथली, बागपत में उतारा जाना था, लेकिन उससे पहले माल को उद्योग कुंज स्थित धर्मकांटे के बराबर बने गोदाम में उतारा जा रहा था। इसके बाद दूसरी गाड़ी भेजकर चोरी किए गए सरिये को अलग-अलग ठिकानों तक पहुंचाया जाता था।
लालच में मजदूर भी बने गिरोह का हिस्सा
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें रोजमर्रा की मजदूरी से ज्यादा पैसे दिए जाते थे। इसी लालच में वे पिछले काफी समय से सरिया चोरी के इस काम में शामिल थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में गिरोह से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही हैं। पुलिस के मुताबिक, राजकुमार उर्फ राजू निवासी बुलंदशहर, लोकेश शर्मा उर्फ दिवाकर निवासी शास्त्रीनगर गाज़ियाबाद और आफताब निवासी डासना के नाम भी पूछताछ में सामने आए हैं। पुलिस इनके संबंध में जांच करते हुए गिरफ्तारी के प्रयास कर रही हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आफताब और राजू पहले भी सरिया चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में मुसर्रफ (42), ओसामा (25), इमरान (27) और प्रशांत (19) को गिरफ्तार किया हैं। सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी पुलिस द्वारा जुटाई जा रही हैं।
41.78 टन सरिया बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक संख्या NL01AH7968 समेत 41,780 किलोग्राम चोरी का सरिया बरामद किया हैं। बरामद सरिये की बड़ी मात्रा को देखते हुए पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही हैं। इस कार्रवाई में स्वाट टीम क्राइम ब्रांच, कमिश्नरेट गाज़ियाबाद और थाना कविनगर पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस का कहना हैं कि पूछताछ में सामने आए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास जारी हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








