![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना सिहानीगेट पुलिस ने रात में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान ऑटो सवार सवारियों को धोखे से लूटने वाले शातिर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस मुठभेड़ में चारों बदमाशों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए। पुलिस ने मौके से लूटा गया माल, नगद, आभूषण, चार तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद किया हैं।
दरअसल, सोमवार की रात सिहानीगेट पुलिस टीम डीपीएस कट हमदर्द ग्राउंड के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक ऑटो पर सवार चार व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने ऑटो नहीं रोका और हमदर्द चौक पर बैरियर में टक्कर मार दी। इस दौरान दो उपनिरीक्षक घायल हो गए। ऑटो सवार बदमाशों ने डीपीएस फाटक की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की घेराबंदी में फंस गए। अपने को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। जवाबी फायरिंग में चारों बदमाश घायल हो गए और पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस को पकड़े गए आरोपियों की पहचान नफीस उर्फ पप्पन पुत्र महमूद कसाई, दूसरे की आमिर पुत्र आलम, तीसरे की रिहान पुत्र नफीस और चौथ की शुऐब पुत्र इकरामुद्दीन, निवासी टोली मोहल्ला, थाना लोनी, गाज़ियाबाद के रूप में हुई हैं।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा:
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडे के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऑटो में सवारी बनाकर बैठते थे और अकेले यात्रियों को ऑटो में बिठाकर उनसे “चेकिंग” के बहाने सोना-चांदी के जेवरात, मोबाइल और नकदी एक थैले में रखवा लेते थे। इसके बाद सवारियों को बीच रास्ते में उतारकर भाग जाते थे। हालांकि, पकड़े गए आरोपियों के पास से ₹59,000 नकद, 1 जोड़ी पीली धातु के कुण्डल (टॉप्स), 1 अंगूठी (पीली धातु), 1 जोड़ी पायल (सफेद धातु), 4 देशी तमंचे, 4 कारतूस व 4 खोखा कारतूस (315 बोर) सहित घटना में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद हुआ हैं।
अपराधिक इतिहास:
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आमिर पर 14 मुकदमे (लूट के 7, आर्म्स एक्ट 4, चोरी 1, NDPS एक्ट 1, मुठभेड़ 1) के दर्ज हैं, तो वहीं नफीस पर 2 मुकदमे (चोरी 1, गैरइरादतन हत्या 1) के दर्ज हैं, साथ ही रिहान पर 7 मुकदमे हैं तथा शुऐब पर 1 मुकदमा दर्ज हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









