![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के ट्रांस हिंडन जोन की SWAT टीम और थाना इंदिरापुरम पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन शातिर लुटेरों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस, लूट के 5 लाख रुपये और घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद की गई।
मुठभेड़ का घटनाक्रम:
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार, बुधवार को इंदिरापुरम क्षेत्र में लूट की घटनाओं की रोकथाम हेतु सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान वसुंधरा टी प्वाइंट ग्रीन बेल्ट के पास रेलवे लाइन अंडरपास की ओर से आ रही एक संदिग्ध बाइक को रुकने का इशारा किया गया। परंतु बाइक सवार तीनों युवक भाग निकले और कच्चे रास्ते की ओर बढ़ गए। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने हथियार लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी। जंगल के रास्ते में उनकी बाइक फिसल गई, और इसी दौरान पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश- मुकुल और सुरेंद्र- के पैरों में गोली लगी। तीसरे बदमाश आकाश को पुलिस ने मौके से दबोच लिया।
पूछताछ में खुलासा:
एसीपी के मुताबिक, मुख्य आरोपी मुकुल ने बताया कि 14 जुलाई को कनावनी से हिंडन बैराज की ओर जा रहे स्कूटी सवार प्रवेश विश्नोई से भारी रकम लूटी गई थी। मुकुल और नितेश उसी दुकान में काम करते थे जहां से प्रवेश रुपये लेकर निकला था। यह पूरी लूट एक पूर्व नियोजित योजना का हिस्सा थी, जिसमें अन्य साथी भी शामिल थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:
जानकारी के तहत, पुलिस को पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम मुकुल पुत्र नेपाल सिंह निवासी: भीमनगर, थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक, दूसरे ने सुरेन्द्र पुत्र सुक्कन और तीसरे ने आकाश पुत्र राजा निवासी: नट मढ़ैया, थाना बीटा-2, गौतमबुद्ध नगर बताया हैं। जिनके पास से 2 अवैध तमंचे, 2 खोखा कारतूस, 2 जिंदा कारतूस, लूट के ₹5,00,000 नगद और 1 मोटर साइकिल (घटना में प्रयुक्त) बरामद हुई हैं।
आपराधिक इतिहास:
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ गाज़ियाबाद, गौतमबुद्ध नगर व बुलंदशहर सहित एनसीआर क्षेत्र में लूट, चोरी और छिनैती के करीब दो दर्जन मामले दर्ज हैं।
वहीं, आरोपियों को पकड़ने वाली टीम, SWAT टीम ट्रांस हिंडन जोन और थाना इंदिरापुरम पुलिस टीम हैं।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल एक बड़ी लूट का खुलासा किया, बल्कि शहर में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क पर भी करारा प्रहार किया हैं। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









