गाज़ियाबाद में बाबा साहेब की प्रतिमा तोड़े जाने पर बवाल, 2 आरोपी गिरफ्तार; विधायक ने एनकाउंटर की मांग की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने के बाद लोनी बॉर्डर क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया। इंद्रापुरी कॉलोनी के पास देर रात हुई इस घटना के बाद रविवार सुबह सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए और जोरदार नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर और लोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियातन पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

देर रात की वारदात, सुबह फूटा गुस्सा

जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात अराजक तत्वों ने सड़क किनारे स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। रविवार सुबह जैसे ही यह खबर फैली, दलित समाज में भारी आक्रोश फैल गया। करीब 200 से अधिक लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, मौके पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम गठित कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान मनीष (26 वर्ष), निवासी संगम विहार और दूसरे की जॉन्टी उर्फ प्रिंस (26 वर्ष), निवासी सरस्वती विहार के रूप में हुई। जिसके बाद दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही हैं। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश कर रही हैं।

विधायक ने की सख्त कार्रवाई की मांग

दरअसल, मौके पर पहुंचे लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने घटना को समाज को अपमानित करने की साजिश बताया। उन्होंने आरोपियों पर रासुका लगाने और एनकाउंटर जैसी कड़ी कार्रवाई पर विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब पूरे देश के प्रतीक हैं और इस तरह की घटनाएं प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश हैं।


पुलिस का हल्का बल प्रयोग, जाम खुलवाया

दोपहर बाद भी जब प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम नहीं खोला, तो शाम करीब 4:10 बजे पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर धरना समाप्त कराया। इस दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दिल्ली–सहारनपुर मार्ग के एक ओर का यातायात बहाल किया गया, जबकि दूसरी ओर नई प्रतिमा स्थापित कर हालात सामान्य करने का प्रयास जारी रहा।

जांच जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना हैं कि मामले की गहन जांच की जा रही हैं और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें