![]()
बीट अधिकारियों को नियमित गश्त, जनसंवाद और अपराधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। ग्रामीण जोन में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त की अध्यक्षता में पुलिस लाइन्स स्थित परमजीत हॉल में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक में बीट प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन, अपराध नियंत्रण और जनसहयोग बढ़ाने पर विशेष रूप से चर्चा की गई। गोष्ठी में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध, पुलिस उपायुक्त ग्रामीण जोन, ग्रामीण क्षेत्र के सभी सर्किल सहायक पुलिस आयुक्त सहित बीट उपनिरीक्षक (BSI) और बीट पुलिस अधिकारी (BPO) मौजूद रहे।
![]()
बैठक के दौरान बीट प्रणाली की समीक्षा करते हुए “यक्ष एप” के उपयोग और उसकी प्रगति पर भी चर्चा की गई। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने बीट क्षेत्र में नियमित गश्त सुनिश्चित करें और आम जनता के साथ लगातार संवाद बनाए रखें। उन्होंने अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने, सूचना तंत्र को मजबूत करने और प्रत्येक बीट अधिकारी को अपने क्षेत्र की सामाजिक संरचना, प्रमुख व्यक्तियों और संवेदनशील स्थानों की अद्यतन जानकारी रखने के निर्देश दिए।
![]()
इसके अलावा, जनता की शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर जोर देते हुए पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखने की बात कही गई। गोष्ठी में पुलिस आयुक्त ने बीट स्तर पर पुलिस की जिम्मेदारियों, सामुदायिक पुलिसिंग के महत्व और जनसंवाद की आवश्यकता पर विस्तार से विचार साझा किए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








