

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली हैं। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने बीमा पॉलिसी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, एक कार और नगदी बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, साइबर क्राइम थाना टीम ने थाना विजय नगर क्षेत्र से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील मिश्रा, पवन यादव, राहुल मिश्रा, जितेंद्र सिंह और दीपक कुमार के रूप में हुई हैं। आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन, 16 एटीएम कार्ड, 11 सिम कार्ड, एक कार और 74 हज़ार रुपये नगद बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया हैं कि यह गिरोह खुद को विभिन्न बीमा कंपनियों का प्रतिनिधि बताकर पॉलिसीधारकों को फोन करता था और पॉलिसी में रिफंड या अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर टैक्स व प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पैसे ट्रांसफर करा लेता था। ठगी के बाद आरोपी भारतीय रिजर्व बैंक, बीमा लोकपाल और आयकर विभाग के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर व्हाट्सएप के जरिए पीड़ितों को भेजते थे, ताकि उन्हें विश्वास दिलाया जा सके। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह का एक सदस्य Canva ऐप की मदद से नकली पॉलिसी और रसीदें तैयार करता था। आरोपियों के मोबाइल फोन से कई फर्जी दस्तावेज और साइबर ठगी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी बरामद हुए हैं। डीसीपी नगर धवन जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि, पूछताछ में पता चला हैं कि गिरोह ने महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और गुजरात समेत चार राज्यों में करीब 1.5 करोड़ रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया हैं। महाराष्ट्र के नासिक निवासी एक व्यक्ति से ही लगभग एक करोड़ रुपये की ठगी की गई थी। गिरोह के सदस्य आपस में “Chak De India” नाम के व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ठगी से संबंधित जानकारी साझा करते थे और नए शिकार तलाशते थे। पुलिस का कहना हैं कि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश की जा रही हैं। साथ ही बरामद बैंक खातों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अन्य मामलों की भी जांच की जा रही हैं। इस मामले में डीसीपी नगर धवन जायसवाल ने बताया कि साइबर ठगी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आम जनता से भी सतर्क रहने की अपील की गई हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









