||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना मोदीनगर क्षेत्र के संतपुरा में एक गंभीर सड़क हादसे के बाद पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा हैं, लेकिन आरोपियों की दबंगई और धमकियों ने उन्हें डरा रखा हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी तालिब पुत्र फिरोज, निवासी गली नंबर-9 संतपुरा, दिनांक 20 अप्रैल 2025 को दोपहर करीब 4 बजे अपनी पत्नी मुन्नी को दवा दिलवाने के लिए स्प्लेंडर मोटर साइकिल (UP-14-FM-4010) से ले जा रहे थे। तभी गिन्नी देवी स्कूल के पीछे तेज़ गति से आ रही एक वैगनआर कार (UP-14-FD-8040) ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तालिब को सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी मुन्नी की बाईं टांग में कई जगह फ्रैक्चर हो गया। टक्कर इतनी भयंकर थी कि तालिब कुछ समय के लिए सड़क पर ही बेहोश हो गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि कार सवार चारों युवक नशे में थे। हादसे के बाद उन्होंने पीड़ित दंपति को मोदीनगर के एक निजी ‘जीवन अस्पताल’ में भर्ती कराया, जहां मुन्नी का केवल कच्चा प्लास्टर किया गया। आरोप हैं कि आरोपियों ने अस्पताल में ही दबाव बनाकर जबरन फैसला लिखवा लिया और धमकी दी कि अब वे उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं कर सकते। वर्तमान में मुन्नी की हालत गंभीर बनी हुई हैं। वहीं, पीड़ित तालिब ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई हैं।
दूसरी ओर, आरोपी पक्ष का कहना हैं कि अगर तालिब पुलिस कार्रवाई करता हैं, तो वे इलाज में खर्च किए गए 8,000 रुपये उससे वसूल लेंगे।
एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह होगा कि पुलिस-प्रशासन इस मामले में पीड़ित की किस प्रकार मदद करता हैं और आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









