![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
एवियेटर गेम में हार के बाद बढ़ा कर्ज, आत्महत्या का आया विचार; फिर किराए के घर में ही चोरी की रची साजिश
गाज़ियाबाद। ऑनलाइन गेम की लत और बढ़ते कर्ज ने एक युवक को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया कि उसने जिस मकान में किराएदार बनकर भरोसा हासिल किया, उसी मकान मालिक के घर को चोरी का निशाना बना डाला। थाना कविनगर पुलिस ने चोरी की इस घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 15.47 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विशाल कुमार (29 वर्ष) मूल रूप से बिजनौर का रहने वाला हैं और वर्तमान में गोविन्दपुरम में किराए पर रह रहा था। 27 जुलाई को मकान मालिक की ओर से घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी किए जाने की शिकायत थाना कविनगर में दर्ज कराई गई थी।
घर की पूरी जानकारी थी, इसलिए मकान मालिक को बनाया निशाना
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय इनपुट जुटाए। जांच में पुलिस को आरोपी पर शक हुआ। मुखबिर की सूचना पर 22 अगस्त को उसे गोविन्दपुरम बस अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से मकान में किराए पर रह रहा था। इसी वजह से उसे घर के कमरों, अलमारी और उसमें रखे आभूषण व नकदी के बारे में जानकारी थी। उसे यह भी पता था कि मकान मालिक 24/25 जुलाई को बरेली जाने वाले हैं। आरोपी ने इसी मौके का फायदा उठाते हुए 24 जुलाई की रात ताला और अलमारी के लॉकर को कटर से काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
15 हजार की जीत से शुरू हुआ खेल, 9 लाख के कर्ज तक पहुंचा मामला
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ऑनलाइन एवियेटर गेम खेलने की बात बताई। उसके अनुसार, शुरुआत में गेम से करीब 15 हजार रुपये जीतने के बाद वह लगातार इसमें पैसा लगाने लगा। धीरे-धीरे नुकसान बढ़ता गया और उस पर करीब 9 लाख रुपये का कर्ज हो गया। कर्ज बढ़ने के बाद आरोपी मानसिक दबाव में आ गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने बताया कि उसके मन में आत्महत्या का विचार भी आया, लेकिन बाद में उसने चोरी करने की योजना बनाई। इसके बाद उसने अपने मकान मालिक के घर को ही निशाना बनाया।
चोरी के गहनों को पिघलाकर बनाया धातु का टुकड़ा
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चोरी किए गए कुछ पीली धातु के आभूषणों को पिघलाकर उनका टुकड़ा बना लिया था, जबकि बाकी सोने-चांदी के आभूषण उसके पास मौजूद थे। चोरी की रकम और आभूषणों को बेचने की कोशिश से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
लाखों की बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 85 ग्राम पीली धातु के आभूषण/टुकड़ा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12.50 लाख रुपये, करीब 1100 ग्राम सफेद धातु के आभूषण, जिसकी कीमत करीब 2.32 लाख रुपये, और 65,870 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 14.82 लाख रुपये हैं, जबकि नकदी समेत कुल बरामदगी करीब 15.47 लाख रुपये की हैं। पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








