गाज़ियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर मंथन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। कमिश्नरेट गाज़ियाबाद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा विभिन्न अभियानों की प्रगति की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। यह बैठक 21 अप्रैल 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित परमजीत हॉल में पुलिस आयुक्त की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं यातायात, सभी जोनल पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त (सर्किल), महिला अपराध, अपराध/अभिसूचना से जुड़े अधिकारी एवं सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। गोष्ठी के दौरान कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा कर दिशा-निर्देश दिए गए। जब्त मालों के निस्तारण में तेजी लाने, न्यायालयीन आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने और लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने पर जोर दिया गया। अवैध नशे के कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार की समीक्षा करते हुए सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।

वहीं ऑपरेशन कनविक्शन के तहत लंबित मामलों में दोषसिद्धि दर बढ़ाने के लिए विवेचना की गुणवत्ता सुधारने और साक्ष्यों को समय पर न्यायालय में प्रस्तुत करने पर बल दिया गया। बैठक में यक्ष एप के प्रभावी उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अपराधियों की पहचान, सत्यापन, जियो-टैगिंग और निगरानी के लिए इस एप का अधिकतम उपयोग किया जाए। सीसीएमएस और सीसीटीएनएस पोर्टल के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत की गई कार्रवाई, लंबित विवेचनाओं, वाहन चोरी के मामलों और अपराध के तुलनात्मक आंकड़ों की समीक्षा की गई। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लंबित मामलों का निस्तारण पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए। बीट प्रणाली को और प्रभावी बनाने के लिए बीट उपनिरीक्षकों और बीपीओ को नियमित गश्त, स्थानीय लोगों से संवाद और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।

महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि महिला संबंधित मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सुरक्षा का माहौल मजबूत किया जाए। बैठक का मुख्य उद्देश्य गाज़ियाबाद को और अधिक सुरक्षित, अपराधमुक्त और नागरिकों के अनुकूल बनाना हैं। पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को अपराध दर में कमी लाने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें