||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में गाज़ियाबाद के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और रखरखाव का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीसीटीवी सिस्टम, वेयरहाउस की स्वच्छता और उपकरणों की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वेयरहाउस में रखी सभी मशीनों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी तकनीकी या सुरक्षा संबंधी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने साफ-सफाई और रखरखाव को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया। इस निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिनमें भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








